बरेली के गांव में नामकरण समारोह में चलीं गोलियां , दावत खाने आए दो युवक घायल
बरेली : क्योलड़िया थाना क्षेत्र में नामकरण कार्याक्रम में गोलियां चल गईं। गाली-गलौज का विरोध करने पर दबंगों ने रिश्तेदारी में दावत खाने आए दो युवकों को गोली मार दी। घटना थाना क्योलड़िया क्षेत्र में हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एडीजी एवं आईजी ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बरेली जिले के थाना क्योलड़िया के गांव डंडिया मिश्र में एक व्यक्ति के यहां नामकरण प्रोग्राम था। समारोह में डांस के दौरान दबंग किस्म के लड़के उत्पात मचाने लगे और गाली-गलौज और हंगामे पर उतर आए। विरोध करने पर उत्पातियों ने गोली चला दी। दावत खाने आए मधुनगला गांव के हरेंद्र और डंडिया मिश्र के श्रीराम को फायरिंंग में गोली लग गई। दोनों घायल होकर गिर पड़े।
कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। घटना के सिलसिले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। इसमें वह शख्स भी शामिल है, जो कार्यक्रम करा रहा था। एडीजी जोन बरेली अविनाश चंद्र और आईजी रेंज बरेली रमित शर्मा ने पुलिस को मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।