Bareilly-बरेली थाना कैंट के नकटिया में बाइक सवार तीन युवकों ने सरेआम किया हमला
बरेली जिले के कैंट थाना क्षेत्र अन्तर्गत नकटिया में सीआईडी से रिटायर्ड सीओ पर बाइक सवार तीन युवकों ने हमला कर दिया।
रिटायर्ड सीओ ने समझाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने लोहे के पंच से उनके सिर पर वार कर दिया। वह लहूलुहान होकर गिरे तो आसपास के लोग बचाने दौड़े। जिसके बाद आरोपित बाइक से फरार हो गए। रिटायर्ड सीओ पर सरेआम हमले की सूचना पर पुलिस पहुंची और उन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर गई। बाइक हटाने के लिए कहने पर विवाद नकटिया चौकी क्षेत्र के मलिक इंक्लेव निवासी 70 वर्षीय विकास प्रसाद यादव लखनऊ सीआईडी में सीओ थे। करीब 9 साल पहले वह रिटायर हो गए। इसके बाद परिवार के साथ बरेली के नकटिया में रहने लगे। सोमवार दोपहर वह घर से एम्बेस्डर कार निकालने के लिए बैक कर रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार हनी नाम का युवक दो अन्य साथियों को बाइक पर बैठाकर पहुंचा और कार के पीछे बाइक खड़ी कर दोस्तों से बात करने लगा। रिटायर्ड सीओ ने कहा कि बाइक पीछे कर लो कार मोड़नी है। जिसके बाद हनी ने कमेंट पास किया तो विकास प्रसाद ने मना किया। लोहे के पंच से किया सिर पर वार आरोप है कि इससे नाराज हनी और उसके साथी रिटायर्ड सीओ को गाली-गलौज कर पीटने लगे। उसी दौरान हनी ने लोहे का पंच निकाला और रिटायर्ड सीओ के सिर पर कई वार कर दिए। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इतना ही नहीं आरोपितों ने उन्हें लातघूसों से भी पीटा। प्रधान ने दौड़ाया तो भागे हमलावर उसी दौरान वहां से गुजर रहे प्रधान नुसरत खान और अन्य लोगों की नजर पड़ी तो वह हमलावरों की तरफ रिटायर्ड सीओ को बचाने दौड़े। जिसके बाद हमलावर बाइक से भाग निकले। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची और घायल रिटायर्ड सीओ को तत्काल अस्पताल मेडिकल के लिए लेकर गई। फिलहाल पुलिस आरोपित हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। वहीं मामले की जानकारी ssp को हुई तो उन्होंने आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
बरेली से अशोक गुप्ता की रिपोर्ट !