कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून की जरूरत है: गिरिराज
कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून की जरूरत है: गिरिराज

नई दिल्ली केंद्रीय मत्स्य ,पशुधन एवं डेयरी उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को कहा कि देश को यदि विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में लाना है तो एक कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून की जरूरत है जो सभी लोगों और धर्मों पर एक समान लागू हो। सिंह ने आज विश्व जनसंख्या दिवस पर अपने ट्विटर पर एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कभी आबादी एक जरूरत होती है तो कभी यह बोझ बन जाती है।बेगूसराय से सांसद ने कहा कि आज भारत के संदर्भ में जनसंख्या बढ़ोतरी विस्फोटक बन गई है। देश की आबादी विश्व की कुल जनसंख्या का 18 प्रतिशत से अधिक है जबकि जमीनी क्षेत्रफल मात्र दो प्रतिशत और पानी केवल चार फीसदी है। यही नहीं भू-जलस्तर लगातार कम भी होता जा रहा है।
उन्होंने चीन का जिक्र करते हुए कहा कि आज उसके संपन्न होने के पीछे 1979 में वहां लाया गया जनसंख्या नियंत्रण कानून है। चीन में यह कानून नहीं होता तो वहां की आबादी में आज 60 करोड़ का और इजाफा होता। सिंह ने कहा,” देश में बढ़ती आबादी आज हमारे लिये चुनौती बन गई है। यदि हम विकसित देशों के समकक्ष खड़ा होना चाहते हैं तो हमें आबादी को लगाम लगानी होगी और इसके लिए एक कड़े कानून की जरुरत है जो सभी लोगों और धर्मों पर एक समान लागू हो।”उन्होने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण को राजनीति और धर्म से नहीं जोड़ा जाये। इसे केवल और केवल देश के विकास और संसाधनों के नजरिये से देखने की आवश्यकता है।
राघवेन्द्र सिंह आल राईट न्यूज़ लखनऊ