नया खुलासा , आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद खुद विकास दुबे ने कंट्रोल रूम में दी थी सूचना

_आठ पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतराने वाले विकास दुबे के दुस्साहस में कोई कमी नहीं थी। वह पुलिसवालों को मार रहा था और साथ ही साथ चुनौती देने के लिए कंट्रोल रूम में किसी अन्य गुर्गे से फोन भी करा दिया था। पकड़े गए आरोपित शशिकांत ने पुलिस को बताया है कि दबिश लीक करने की सूचना पूर्व बीट प्रभारी केके शर्मा द्वारा दी गई थी।__गिरफ्तार शशिकांत ने चौंकाने वाला खुलासा किया। हालांकि पुलिस का मानना है कि वह कंट्रोल रूम में उस दिन आने वाली कॉल्स की डिटेल निकलवा रही है। शशिकांत ने पुलिस पूछताछ में कहा कि जब पुलिस से मुठभेड़ शुरू हुई और कुछ को मारा गया। उस दौरान विकास ने किसी दूसरे आदमी से पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कराया।__कंट्रोल रूम में सूचना दी कि बिकरू गांव में बदमाशों ने पुलिस पर हमला कर दिया है। उसके बाद फोन काट दिया गया। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस घटना को अंजाम देने के साथ ही पुलिस और पुलिस कर्मियों को आने की चुनौती दे रहा था।_
_केके शर्मा पर फिर उठे सवाल_
_सूचना लीक करने के मामले में पूर्व थानेदार विनय तिवारी और बीट इंचार्ज केके शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है। शशिकांत से पूछताछ में बताया कि केके शर्मा के साथ विकास के लोगों का उठना बैठना ज्यादा हो गया था। वहीं से सूचनाएं लीक की जा रही थीं।_
_गांव में महिलाओं ने किया शोर_
_शशिकांत ने पुलिस को यह भी जानकारी दी है कि घटना के बाद जब आरोपित भागने को हुए तो पुलिस बल आने की सूचना हुई। उस दौरान पुलिस बल को उलझाए रखने के लिए गांव की महिलाओं ने जोर जोर से गाली देना शुरू किया। पुलिस टीम उसमें थोड़ा उलझी जिससे हमलावरों को भागने का मौका मिल गया।_
_तो क्या दो दिन पहले से चल रही थी दबिश की प्लानिंग_
_शशिकांत ने कहा कि 30 जून को विकास ने उससे कहा था कि तुम अपने यहां सीढ़ियां क्यों नहीं रखते। जरूरी रहता है ऊपर चढ़कर भागने में आसानी रहती है। यह कहते हुए प्रेम प्रकाश के जरिए उसके घर पर सीढ़ियां रखवाई गई थीं।_
_बम से भी किया था हमला_
_शशिकांत ने पुलिस को जानकारी दी कि लालू दुबे ने पुलिस पार्टी पर बम चलाया था। घटना के दौरान तीन बड़े धमाके हुए थे गांव में। जिसके बाद एकाएक शांति हो गई थी।_
_विकास के गाली देने पर कर दी पुलिस कर्मी की हत्या_
_शशिकांत के घर के बाहर दो पुलिस कर्मियों के शव मिले थे। उसने पूछताछ में बताया कि पुलिस कर्मी उसके सामने हाथ जोड़कर अपने जान की भीख मांग रहा था। यह देख विकास ने शशिकांत को गाली देते हुए कहा कि गोली क्यों नहीं चला रहा। जिसके बाद शशिकांत ने गोली मारकर पुलिस कर्मी की हत्या कर दी थी।_