रबी महोत्सव के दौरान किसानों को दी गई कृषि योजनाओं की जानकारी
जमुई,खैरा:-खैरा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को रबी महाअभियान सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कृषि विभाग द्वारा किया गया।
इस रबी महोत्सव अभियान में मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख रेणु देवी एवं उप प्रमुख रणवीर कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।मौके पर प्रमुख रेणु देवी ने कहा कि विभाग द्वारा दी जा रही अनुदान का लाभ सभी किसान उठाएं और वैज्ञानिक तरीके से खेती कर भरपूर अनाज पैदा करें। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता हैं,किसान खुशहाल रहेंगे तो देश खुशहाल बनेगा।
आगे प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामनारायण सिंह को निर्देश देते हुए प्रमुख ने कहा कि प्रखंड के किसानों को हर संभव सहयोग करें और विभाग द्वारा चलाई जा रही हर एक योजना की जानकारी किसानों को दें ताकि सरकार द्वारा किसानों को दी जाने वाली जानकारी का लाभ किसान उठा सकें।वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी द्वारा रबी फसल के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाएं जैसे चना, मसूर, तेलहन आदि की खेती के बारे में विशेष जानकारी दी गई। प्रखंड कृषि समन्वयक पंकज कुमार सिंह ने जैविक खेती एवं जीरो टिलेज के माध्यम से गेहूं बुआई के बारे में किसानों को जानकारी दी। इस अवसर पर कृषि समन्वयक निर्मल कुमार,कृष्णमूर्ति,अमरेंद्र कुमार,मनीष कुमार,चंदन कुमार,अनामिका कुमारी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।