हैदराबाद : डॉक्टर से गैंगरेप, हत्या कर शव को जलाया; गृह मंत्री बोले- अफसोस कि पीड़िता ने 100 नंबर की
हैदराबाद से बोम्मा रेड्डी एस एन. स्कूटी का टायर पंक्चर होने के बाद एक टोल प्लाजा के पास इंतजार कर रही 26 वर्षीय वेटनरी डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई।
साइबराबाद पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये ट्रक ड्राइवर और क्लीनर हैं। इन्होंने शराब पीने के बाद डॉक्टर को सात घंटे तक बंधक बनाए रखा और सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद शव को 30 किमी दूर ले जाकर आग लगा दी।
वेटरनरी डॉक्टर शादनगर में रहती थी और यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर शम्शाबाद में एक वेटनरी हॉस्पिटल में काम करती थी। वह हर दिन हैदराबाद-बेंगलुरु नेशनल हाईवे स्थित तोंडुपल्ली टोल प्लाजा पर अपना टू-व्हीलर पार्क करती थी और वहां से कैब लेकर अस्पताल तक जाती थी। डॉक्टर से बुधवार रात से गुरुवार तड़के तक दुष्कर्म हुआ। शुक्रवार को यह मामला देशभर में सुर्खियों में आया।