डॉ. मेहता का निधन समाज के लिए अपूर्णीय क्षति-मनीष मल्होत्रा
डाक्टर मेहता के निधन से जिले में शोक की लहर

बहराइच। गरीबों के मसीहा डाक्टर बी.एन. मेहता के निधन पर पूरा शहर गमजदा है। हर तबके के लोगों ने उनकी मृत्यु पर अपनी संवेदना जताई है। उद्योग व्यापार मंडल बहराइच ने स्वर्गीय डाक्टर मेहता की मृत्यु पर शोक संदेश जारी किया है।शोक संदेश में उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा ने कहा कि गरीब, मजलूम व जरूरतमंदों के लिए डाक्टर बी. एन. मेहता इंसानी शरीर में भगवान का स्वरूप थे। उनके जाने से जैसे एक युग की समाप्ति हो गयी है। मेहता साहब सी शख्सियत ना तो पहले पैदा हुई है ना ही इस कलियुग में होने की उम्मीद है। डाक्टर मेहता का जाना इस जनपद के लिए अपूर्णीय क्षति है। हम उनके बताए रास्ते का अनुकरण करें यही स्वर्गीय मेहता साहब के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।महामंत्री दीपक सोनी दाऊजी ने कहा कि आज शहर के सबसे प्यारे व्यक्तित्वों में से एक डाक्टर मेहता को हमने खो दिया है। दुःख तो बहुत है, मगर यह भी सच है कि ये देह नश्वर है। कभी न कभी हम सबको जाना है। इसलिए हम सब मिलकर यह प्रार्थना करें कि जो पुण्यात्मा आज हमारे बीच अनुपस्थित है, भगवान उन्हें मोक्ष प्रदान करें।वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजमोहन मातनहेलिया ने कहा कि डाक्टर मेहता साहब के जाने से जैसे शहर रूक सा गया प्रतीत हो रहा है। व्यापारी परिवारो में शायद ही कोई ऐसा परिवार रहा हो जिससे उनका संपर्क न रहा हो।शहर का हर खासो आम शख्स गम में है। ईश्वर डाक्टर साहब की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे।उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा ने कहा कि इस शहर का मेडिकल गार्जियन हमें छोड़कर चला गया है।स्वर्गीय डाक्टर मेहता साहब हमेशा खुश रहने वाले और अपने चुटकुलों से महफिलों के माहौल को खुशनुमा बनाने के लिए मशहूर थे। वह एक बेहतरीन फिजीशियन तो थे ही वह हर तबके के लिए भगवान सरीखे थे।मेहता साहब एक समाजसेवी की तरह मरीजों का इलाज करते थे।गरीब हो, मिडिल क्लास हो या उच्च वर्ग, मेहता साहब उन सबके मसीहा थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे व परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
लखनऊ से राघवेंद्र सिंह की रिपोर्ट !