दिल्ली पूर्ण राज्य बनेगा तो दस साल में दिल्ली के हर परिवार को घर बना के देंगे
*’पूर्ण राज्य बनाने के लिए लड़ना पड़ेगा, जैसे तेलंगाना के लोग लड़े थे’: अरविंद केजरीवाल*
*’हमें बड़े सपने देखने पड़ेंगे, तभी दिल्ली को अपने हक मिलेंगे’: मनीष सिसोदिया*
*’इस बार दिल्ली को पूरा राज्य बनाने को वोट देना’: आतिशी*
पटपड़गंज विधानसभा के खिचड़ीपुर गांव में आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक मनीष सिसोदिया और पूर्वी दिल्ली लोकसभा प्रत्याशी आतिशी भी मौजूद थी। हजारों की तादाद में खिचड़ीपुर की जनता पूर्ण राज्य आंदोलन में जुड़ने के लिए पहुंची।
इस मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूर्ण राज्य की मांग के लिए समर्थन मांगते हुए कहा, अगर दिल्ली पूर्ण राज्य बनेगा, तो दिल्ली के कॉलेजों में दिल्ली के बच्चों के लिए 85% रिजर्वेशन दिलाएंगे, सरकारी नौकरियों में 85% रिजर्वेशन दिलाएंगे, दिल्ली पुलिस पर नियंत्रण ला कर महिलाओं को सुरक्षा दिलाएंगे, हर कच्चे कर्मचारी को पक्का कराएंगे और दिल्ली के हर परिवार को अपना घर दिलाएंगे।
उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, पिछले 4 सालों में दिल्ली में हुए काम इसलिए हो पाए क्योंकि दिल्ली की जनता ने सस्ती बिजली, पानी, बेहतर स्कूल अस्पताल का सपना देखा। आज हमें और बड़ा सपना देखना होगा, पूर्ण राज्य बनाने का। इस सपने को सच करने के लिए दिल्ली की सातों सीटों पर आम आदमी पार्टी को जिताना होगा।
पूर्वी दिल्ली से लोकसभा प्रत्याशी आतिशी ने कहा, दिल्ली की जनता ने 2015 में सोच समझकर ईमानदार पार्टी को वोट दिया, इसलिए आज उनके सरकारी स्कूल और अस्पताल बेहतर हो गए हैं। आपके वोट में बहुत ताकत हैं और इस बार आपका वोट पूर्ण राज्य बनाने के लिए देना होगा।