दिल्ली-एनसीआर में बारिश से लोगों को राहत
राजधानी दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में आज हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक पालम में 0.4 मिलीमीटर और रिज में 8.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी। विभाग ने दिनभर बादल छाये रहने तथा सामान्य बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस मौसम के औसत से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि कल के न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस से यह कम है। राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व राज्य के अधिकांश जिलों में शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राजधानी और आसपास के जिलों में बारिश होने के आसार हैं।