Coronavirus Updates : यात्रा पर रोक लगने से इटली में 300 से ज्यादा भारतीय फंसे, और अब तक 900 लोगों की मौत
- भारत सरकार ने इटली से आने वाले यात्रियों के लिए कोविड-19 निगेटिव सर्टिफिकेट लाना अनिवार्य किया है
- इटली में अब तक 900 लोगों की मौत हुई, भारतीय नागरिकों ने सरकार से फ्लाइट को मंजूरी देने की अपील की
नई दिल्ली. कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए केंद्र सरकार ने सभी वीजा आवेदन निरस्त कर दिए हैं। इसके साथ ही सभी विदेशी फ्लाइट्स के लिए कोविड-19 निगेटिव सर्टिफिकेट लाना अनिवार्य कर दिया है। सरकार के इस आदेश की वजह से इटली के मिलान और रोम एयरपोर्ट पर 300 से ज्यादा भारतीय नागरिक फंस गए हैं। इनमें गर्भवती महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। इटली से एक महिला यात्री ने वीडियो भेजकर हालात की जानकारी दी। महिला ने वीडियो में अपनी मुश्किलें बताते हुए कहा, ”भारत आने के लिए हम नौकरी छोड़ चुके हैं। घर भी छोड़ दिया है। अब ऐसी स्थिति में हम कहां जाएं?” वीडियो भेजने वाली महिला केरल की रहने वाली है। वह काम के सिलसिले में इटली गई थी।
इटली में ही फंसी एक अन्य महिला यात्री ने कहा, ”यहां सबकुछ छोड़ने के बाद हम अपने देश के अलावा कहां जाएं? इन्होंने भारत सरकार से मांग की है कि उन्हें भारत आने की मंजूरी दी जाए। एक अन्य यात्री ने कहा, ”इटली सरकार और एयरलाइंस ने हमें भारत जाने की मंजूरी दे दी है। हमारी फ्लाइट को मंजूरी भी मिल गई है, लेकिन भारत सरकार के नियमों के चलते हम उड़ान नहीं भर पा रहे हैं। भारत सरकार एयरलाइंस से कोविड-19 निगेटिव सर्टिफिकेट मांग रही है, जबकि यहां उन लोगों का टेस्ट ही नहीं हो रहा, जिनमें संक्रमण के लक्षण नहीं हैं।”