Bihar News:AK-47 मामले में बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, कुर्की के आदेश

सोनू मिश्रा,पटना(बिहार)

पटना: घर से एके 47 बरामदगी मामले में बाढ़ के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुमार माधवेंद्र ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों कर्मवीर यादव उर्फ लल्लू मुखिया,रणवीर यादव के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया है। इन दोनों के विरुद्ध दो लोगों की हत्या की साजिश रचने के मामले में दर्ज केस में संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है दोनों आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार हैं।

आपको बता दें अब अनंत सिंह की मुश्किलें काफी बढ़ गयी हैं। इससे पहले बाढ़ के एडीजे 4 कोर्ट ने अनंत के ऑडियो वायरल मामले में अग्रिम जमानत याचिका को भी खारिज कर दिया है। अनंत सिंह ने पंडारक थाना क्षेत्र में दो लोगों की हत्या की साजिश करने के मामले में जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी।

अनंत के घर से बरामद हुआ था AK 47 और हैंड ग्रेनेड

बता दें कि तीन दिन पहले अनंत सिंह के नदावां स्थित पैतृक गांव में उनके घर से एके 47 और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस अनंत सिंह को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। लेकिन, वो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की तमाम कोशिशें कर रही है लेकिन अबतक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।

पुलिस को चकमा देकर हुए फरार, जारी किया वीडियो

अपनी फरारी के बाद अनंत सिंह ने एक के बाद एक वीडियो जारी कर कहा था कि वो भागे नहीं हैं, एक दोस्त बीमार है जिसे देखने गए हैं। उन्होंने पुलिस पर बदले की भावना और राजनीति से प्रेरित होकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। जल्द ही उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया जा सकता है।

हत्या की साजिश रचने का भी लगा है आरोप, ऑडियो हुआ था वायरल

बाढ़ के भोला सिंह और उसके भाई मुकेश की हत्या की साजिश रचने के मामले में आरोपित मोकामा विधायक अनंत कुमार उर्फ अनंत सिंह का एक ऑडियो वायरल हो रहा था जिसके बाद पुलिस ने एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) में उनकी आवाज का नमूना लिया था। इस दौरान विधायक से ‘बुतरू’ और ‘एके-47’ जैसे शब्द बुलवाए गए। तब उनकी आवाज के नमूने का मिलान उनकी ऑडियो क्लिप से किया गया था।

एफएसएल सूत्रों की मानें तो स्पीच मशीन ने विधायक द्वारा बोले गए इन शब्दों पर ‘हरा’ संकेत दिया। इसका मतलब है कि ऑडियो क्लिप अनंत सिंह की आवाज से मिल रही है। आपको बता दें कि बाढ़ थाना में कांड संख्या 389/19 के मामले में अनंत सिंह के खिलाफ आईपीसी 414, 120 बी सहित अन्य धाराओं के अलावे 13 UAPA एक्ट के तहत केस दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: