Bareilly-UP : गौसगंज कांड: मुस्लिम महिलाओं को बसाने पहुंचे सपा नेता, मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ
बरेली। शाही क्षेत्र के गौसगंज में मुस्लिम परिवारों को गांव में दोबारा बसाने के लिए बुधवार को सपा नेताओं का जमावड़ा रहा। सपा के जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप के नेतृत्व में कोषाध्यक्ष अशोक कुमार यादव, सपा महिला सभा जिला अध्यक्ष स्मिता यादव, जिला उपाध्यक्ष राजेश्वरी यादव, जिला महासचिव डॉक्टर दीक्षा सक्सेना करीब 33 परिवारों को लेकर शाही पहुंचे। सभी ने पुलिस से इधर-उधर घूम रहे परिवारों को गौसगंज गांव में बसाने की मांग की।
सूचान मिलने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला और सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव भी थाने पहुंचे। इस बीच परिवार संग आई एक महिला का मोबाइल फोन पुलिस कर्मी ने ले लिया। इस पर वह रो पड़ी।
इस पर दीक्षा सक्सेना एवं स्मिता यादव की हल्की-फुल्की कहासुनी पुलिस से हुई। बाद में पुलिस ने मोबाइल चेक करते हुए वापस कर दिया। शाम पांच बजे तक सपा नेता बस स्टैंड पर मौजूद रहे। पुलिस थाने पर आवश्यक कार्रवाई के बाद परिवारों को गांव ले जाने की तैयारी में थी।
गौसगंज गांव में 19 जुलाई को हुए सांप्रदायिक बवाल में पूर्व प्रधान हीरालाल के पुत्र तेजपाल की मौत हो गई थी और दर्जनभर लोग घायल हुए थे। इसमें पूर्व प्रधान हीरालाल की तहरीर पर दूसरे समुदाय के 50 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
इसके बाद से आरोपियों के परिवार गांव छोड़कर चले गए थे। कई आरोपियों के घरों पर बुलडोजर भी चला था। इस मामले में करीब 50 लोग जेल में बंद हैं। इससे पूर्व पुलिस सुरक्षा में छह परिवारों को बसाया जा चुका है।
गोपाल चंद्र अग्रवाल संपादक आल राइट्स न्यूज़