Bareilly News : गर्भवती महिला के पेट में मारी लात, मौत
– महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए ससुराली
बरेली। बक्सरिया मोहल्ले के रहने वाले युवक पर आरोप है कि उसने गुस्से में पत्नी के पेट में जोरदार लात दी। गंभीर हालत में महिला का कई दिनों तक इलाज चलता रहा। रविवार को उपचार के दौरान गर्भवती महिला ने दम तोड़ दिया जबकि उसके बच्चे को डाक्टरों ने बचा लिया। मतका के भाई ने अपने जीजा व उसके घरवालों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
लखीमपुर खीरी के रहने वाले अनिल कुमार ने अपनी 27 वर्षीय बेटी शिखा की शादी तीन साल पहले फरीदपुर थाना के बक्सरिया निवासी युवक के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला के ससुराली उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। गर्भवती महिला को गंभीर हालत में शनिवार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई जबकि उसके बच्चे को डाक्टरों ने बचा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाऊस भेज दिया। यहां मृतका के भाई गौरव ने बताया कि रविवार को फोन पर उन्हें सूचना मिली की उनकी बहन की निजी अस्पताल में मौत हो गई है, वह घर के कई सदस्यों के साथ अस्पताल पहुंचे तो उनकी बहन मृत अवस्था में पड़ी थी। आरोप है कि ससुराली सूचना करने के बाद फरार हो गए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनके जीजा ने उनकी बहन में पेट में जोरदार ताल मार दी थी, जिससे उनकी बहन की हालत बेहद खराब हो गई थी। गर्भ में तेज दर्द काफी दिनों तक रहा था, जिसकी दवाई भी चल रही थी। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी ससुरालियों ने महिला के साथ मारपीट की। महिला अपने मायके चली आई तब गांव प्रधान की मदद से थाने में समझौता हुआ था। इसके बाद भी आरोपी दहेज को लेकर अक्सर उनकी बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। मृतका के मायके वालों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।