Bareilly News : जयपुर के बाद बरेली से दिल्ली की फ्लाइट भी हुई बंद, अब इस एयरलाइंस ने मांगी अनुमती,

बरेली। बरेली-दिल्ली की हवाई उड़ान पर अब तीन साल बाद ब्रेक लग गया है। जयपुर के बाद बरेली से दिल्ली फ्लाइट बंद कर दी गई है। इसको लेकर अब दिल्ली जाने वाले बरेली के यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, बरेली दिल्ली फ्लाइट पिछले काफी समय से लेट चल रही थी, या निरस्त हो जा रही थी इससे भी लोग बहुत परेशान थे।

30 मार्च को समाप्त हो गया था एलायंस एयर अनुबंध

बरेली एयरपोर्ट के डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल ने बताया कि रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत एलाइंस एयर का तीन साल के लिए बरेली से दिल्ली फ्लाइट का अनुबंध था। 42 सीटर एटीआर विमान सप्ताह में चार दिन बरेली से दिल्ली फ्लाइट ले जा रहा था।
30 मार्च को अनुबंध समाप्त हो गया। एयरलाइंस ने अनुबंध का नवीनीकरण नहीं कराया है। इस वजह से एयरलाइंस ने अपनी फ्लाइट बंद कर दी है।

इंडिगो ने मांगी संचालन की अनुमति स्लॉट का इंतजार

बरेली दिल्ली एलाइंस एयर की फ्लाइट बंद होने के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने हवाई उड़ान का प्रस्ताव एयरपोर्ट अथॉरिटी को दिया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस ने सर्वे के बाद 88 सीटर एटीआर से ट्रायल नियमित हवाई सेवा मुहैया करने की तैयारी की है। दिल्ली एयरपोर्ट से स्लॉट मांगा गया है। अभी स्लॉट नहीं मिल पा रहा है। फ्लाइट स्लॉट मिलते ही इंडिगो की उड़ान शुरू कराई जाएगी।

बरेली जयपुर भी नहीं शुरू हो सकी फ्लाइट

दिसंबर 2023 को इंडिगो एयरलाइंस ने बरेली जयपुर के लिए फ्लाइट बंद कर दी थी। जबकि बरेली जयपुर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा है। एयर ट्रैफिक 80 फ़ीसदी से भी ज्यादा था।
इसके बावजूद इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी फ्लाइट बंद कर दी। इंडिगो एयरलाइंस ने दावा किया था कि वह बरेली जयपुर की फ्लाइट जल्द शुरू करेंगे लेकिन अभी तक फ्लाइट शुरू नहीं की गई है। अब बरेली से दिल्ली फ्लाइट बंद होने से और मुसीबत बढ़ गई है।

मुंबई और बंगलुरु की फ्लाइट का बदला टाइम टेबल

अब बरेली एयरपोर्ट से मुंबई और बंगलुरु की फ्लाइट ही उड़ान ले रही हैं। गर्मी की वजह से उनका टाइम स्लॉट बदल गया है। बंगलुरु से बरेली एयरपोर्ट पर मंगलवार गुरुवार और शनिवार को फ्लाइट दोपहर 1: 20 आती थी। वह 10 मिनट बाद 1:30 पर पहुंचेगी।
बरेली से बंगलुरु के लिए फ्लाइट दोपहर 2:20 बजे उड़ान भरती थी जबकि अब 15 मिनट लेट 2:35 बजे उड़ान भरेगी। मुंबई से बरेली आने वाली फ्लाइट दोपहर 1:25 पर आती थी जो अब दोपहर 1:00 बजे पहुंचेगी और वापसी की यात्रा में बरेली से मुंबई के लिए फ्लाइट 2:25 पर उड़ान भरती थी जबकि अब रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट दोपहर 2:30 बजे उड़ान भरेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट , आल राइट्स मैगज़ीन