इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज तरुण अग्रवाल का निधन, मुंबई में ली अंतिम सांस
प्रयागराज (दज प्रतिनिधि) इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश और मेघालय हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रहे न्यायमूर्ति तरुण अग्रवाल का रविवार को मुंबई में निधन हो गया।
कुछ दिन पहले उन्हें मुंबई में टहलते समय एक वाहन ने टक्कर मार दी थी जिससे सिर में गंभीर चोटें आई। इलाज के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। वेंटिलेटर पर रहते हुए उनका निधन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश और मेघालय हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रहे न्यायमूर्ति तरुण अग्रवाल का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली। कुछ दिनों पहले मुंबई में सुबह टहलने के दौरान उन्हें एक वाहन ने टक्कर मार दिया था।
हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। घायलावस्था में हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। यहां उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। दो दिन पहले उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। रविवार की सुबह उनका निधन हो गया।
पिता हाई कोर्ट के चीफ जज थे न्यायमूर्ति तरुण के पिता सतीष चंद्र अग्रवाल इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे। तीन मार्च 1956 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में जन्मे तरुण अग्रवाल ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक व विधि की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद 1983 में इलाहाबाद हाई कोर्ट में वकालत शुरू की।
सात जनवरी 2004 को वह हाई कोर्ट के जज बने। वर्ष 2009 में उन्हें उत्तराखंड हाई कोर्ट स्थानांतरित कर दिया गया। वर्ष 2012 तक वहां कार्यरत रहे। उस दौरान उन्होंने उत्तराखंड हाई कोर्ट में कार्यकारी चीफ जस्टिस का दायित्व भी निभाया।
इसके बाद उन्हें वापस इलाहाबाद हाई कोर्ट भेजा गया। यहां वह इलाहाबाद हाई कोर्ट की 150वीं वर्षगांठ समारोह की आयोजन समिति के अध्यक्ष रहे। उन्हें 12 फरवरी 2018 को मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत किया गया।
सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड द्वारा प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण मुंबई का पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया था। स्व. तरुण अग्रवाल पं कन्हैया लाल मेमोरियल कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
582 न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण
प्रयागराज (दज प्रतिनिधि) इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली के आदेश पर रजिस्ट्रार जनरल ने रविवार को अधिसूचना जारी करके प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में तैनात 582 न्यायिक अधिकारियों का अलग-अलग जिलों में तबादला किया है।
तबादला किए गए न्यायिक अधिकारियों में 236 एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेंशन जज, 207 सिविल जज सीनियर डिवीजन तथा 139 सिविल जज जूनियर डिवीजन रैंक के अधिकारी शामिल हैं। रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी अधिसूचना में सभी न्यायिक अधिकारियों का तबादला करने से पूर्व इनके दिए गए प्रत्यावेदन पर विचार किया गया है।
इन सभी स्थानांतरित न्यायिक अधिकारियों को अपने अपने जिले में ज्वॉइन करना है। यह ट्रांसफर वार्षिक ट्रांसफर 2025 है। इस तबादला में लगभग प्रदेश के हर जिलों के न्यायिक अधिकारी शामिल हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट , आल राइट्स मैगज़ीन