पूर्ण राज्य आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शुरू किया मेट्रो कैंपेन
*राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से इस कैंपेन की शुरुआत की गई है, आगे चलकर दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशन तक इस कैंपेन को लेकर जाएगी आम आदमी पार्टी : गोपाल राय*
*दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने के लिए आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में चलाए जा रहे आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए, प्रदेश संयोजक गोपाल राय की मौजूदगी में महिला विंग ने दिल्ली में राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से मेट्रो कैंपेन की शुरुआत की।*
नई दिल्ली, 21 मार्च 2019, रविवार को एक बयान जारी करते हुए दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे पूर्ण राज्य आंदोलन को गति देने के लिए आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने मेट्रो कैंपेन की आज से शुरुआत की है।
इस मेट्रो कैंपेन की शुरुआत राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से महिला विंग की अध्यक्ष रिचा पांडे मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
कैंपेन के तहत राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के सभी आठों द्वार पर चार चार महिलाओं की एक टीम को तैनात किया गया। यह टीम मेट्रो में आने जाने वाले लोगों को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी द्वारा पूर्ण राज्य पर लिखी गई चिट्ठी का वितरण करने एवं पूर्ण राज्य की जरूरत के बारे में जनता को जागरूक करने और पूर्ण राज्य आंदोलन में आम आदमी पार्टी का सहयोग करने की अपील करेगी।
दिल्ली की जनता लगभग डेढ़ लाख करोड़ रूपया टैक्स इकट्ठा करके केंद्र सरकार को देती है। परंतु पूर्ण राज्य न होने की वजह से मात्र 325 करोड रुपए वापस दिल्ली के विकास के लिए सरकार को मिलता है। अगर दिल्ली पूर्ण राज्य होगा, तो कानून के आधार पर लगभग 60000 करोड रुपए दिल्ली के विकास के लिए मिलेगा। जिससे दिल्ली में नए स्कूल और कॉलेजों का निर्माण किया जा सकेगा, बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी। दिल्ली सरकार के पास सारे अधिकार होंगे तो युवाओं के लिए नई नौकरियां निकाली जाएंगी। पुलिस दिल्ली सरकार के अधीन होगी तो महिलाओं की सुरक्षा सरकार सुनिश्चित कर सकेगी।
गोपाल राय ने बताया कि आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने दिल्ली में महिला सुरक्षा के मद्देनजर पार्टी के समक्ष अपनी यह मांग रखी थी, कि वह मेट्रो में पूर्ण राज्य आंदोलन को लेकर एक कैंपेन चलाना चाहते हैं, और पार्टी ने महिला विंग की मांग को मानते हुए, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष रिचा पांडे मिश्रा एवं अन्य प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं विधानसभा पदाधिकारियों के नेतृत्व में राजीव चौक से इस कैंपेन की शुरुआत की है।
यह कैंपेन आगे चलकर पूरी दिल्ली में शुरू किया जाएगा। धीरे धीरे दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशन पर महिलाओं की टीम का गठन करके इस कैंपेन को आगे बढ़ाया जाएगा, और दिल्ली की जनता तक पूर्ण राज्य की जरूरत दिल्ली को क्यों है, यह संदेश पहुंचाया जाएगा। साथ ही साथ दिल्ली की जनता से दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने के इस आंदोलन में सहयोग की अपील की जाएगी।